
रुड़की/सुल्तानपुर: भोगपुर गांव के पास स्थित खाटू श्याम मंदिर में रात के समय सो रहे सेवादार की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने मंदिर परिसर में सो रहे 65 वर्षीय सेवादार राजवीर के सिर पर भारी वस्तु से वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। रविवार सुबह जब एक ग्रामीण मंदिर पहुंचा तो वह खून से लथपथ हालत में मृत पड़े मिले।
मृतक राजवीर मूल रूप से गोधना, मुजफ्फरनगर के रहने वाले थे और पिछले करीब दो महीनों से मंदिर में सेवा कर रहे थे। वह रोज की तरह शनिवार रात भी मंदिर प्रांगण में ही सोए हुए थे। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी, कोतवाली प्रभारी और भिक्कमपुर चौकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाश चोरी के इरादे से मंदिर में घुसे थे। इस दौरान सेवादार के जागने और विरोध करने पर आरोपियों ने उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा है कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमों को लगाया गया है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
यह वारदात न केवल मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि ग्रामीणों में भी भय का माहौल पैदा कर गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।



