उत्तराखंड

भुजियाघाट में पोस्टमैन का शव मिलने से सनसनी: बेटी की शादी से पहले रहस्यमयी मौत, हत्या या आत्महत्या?

Listen to this News

नैनीताल/भुजियाघाट: भुजियाघाट के गधेरे में पोस्टमैन नवीन चंद्र (52) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बैलपोखरा के बंदरजूड़ा निवासी नवीन की मौत अब हत्या या आत्महत्या के बीच उलझ गई है, क्योंकि घटनास्थल और परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं।

जानकारी के अनुसार, नवीन चंद्र 21 अप्रैल को होने वाली अपनी बड़ी बेटी भावना की शादी के कार्ड बांटने के लिए पैतृक गांव सुयालबाड़ी (अल्मोड़ा) जाने के लिए घर से निकले थे। शुक्रवार रात उन्होंने परिवार से बात कर भवाली में रुकने और शनिवार सुबह आगे जाने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन उनका शव भुजियाघाट के गधेरे में मिला।

पुलिस जांच में सामने आया कि शव पर किसी तरह के गहरे चोट के निशान नहीं मिले, हालांकि शरीर के कुछ हिस्सों पर रपटने के निशान जरूर हैं। इससे सवाल उठ रहा है कि आखिर नवीन वहां कैसे पहुंचे और गधेरे में कैसे गिरे। सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि जब उन्हें सुयालबाड़ी जाना था, तो वह भुजियाघाट कैसे पहुंचे। उनका मोबाइल फोन अभी तक बरामद नहीं हुआ है।

मौके पर पहुंचे जल पुलिसकर्मियों ने बताया कि नवीन का शरीर आठ से दस फीट गहरे पानी में मिला, उनके पैर मुड़े हुए थे। पानी में मिले उनके काले बैग से आधार कार्ड और शादी के कार्ड मिलने पर पहचान हो सकी। परिवार को व्हाट्सएप पर फोटो भेजकर शिनाख्त कराई गई। नवीन चंद्र कोटाबाग के पवलगढ़ पोस्ट ऑफिस में पोस्टमैन के पद पर तैनात थे और उनकी तीन बेटियां हैं।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल की तलाश और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए मौत की गुत्थी सुलझाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल यह मामला पूरे कुमाऊं क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button