चंडीगढ़/जालंधर: AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED की बड़ी रेड, LPU भी जांच के दायरे में

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के संस्थापक अशोक कुमार मित्तल के जालंधर स्थित ठिकानों पर बड़ी छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक ED की टीम ने मित्तल के आवास समेत लवली ग्रुप और LPU से जुड़े कई परिसरों पर एक साथ कार्रवाई की।
सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी जालंधर और फगवाड़ा में स्थित कई परिसरों पर की गई, जहां दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल ED की ओर से आधिकारिक तौर पर छापेमारी की वजह का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
गौरतलब है कि अशोक मित्तल को हाल ही में राज्यसभा में AAP का उपनेता बनाया गया था। ऐसे में उनकी नियुक्ति के कुछ ही दिनों बाद हुई यह ED रेड राजनीतिक गलियारों में कई सवाल खड़े कर रही है। विपक्ष इसे बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देख रहा है, जबकि AAP नेताओं ने इसे राजनीतिक दबाव की कार्रवाई बताया है।
फिलहाल ED की जांच जारी है और आने वाले घंटों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। यह कार्रवाई इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि LPU देश के बड़े निजी शिक्षण संस्थानों में शामिल है और अशोक मित्तल शिक्षा जगत के चर्चित नामों में से एक हैं।



