उत्तराखंड: महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 335 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, 21 अप्रैल से होंगे आवेदन

देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (UKMSSB) ने स्वास्थ्य विभाग में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (ANM) के 335 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड ने इसके लिए संशोधित विज्ञप्ति जारी कर दी है।
बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 21 अप्रैल 2026 से शुरू होंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 4 मई 2026 तय की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे।
बताया गया है कि इससे पहले 14 नवंबर 2025 को 180 पदों के लिए भर्ती विज्ञप्ति जारी की गई थी, लेकिन अब नए पदों को जोड़ते हुए कुल संख्या 335 कर दी गई है। ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
स्वास्थ्य विभाग में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भर्ती बढ़ने से राज्य के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से रिक्त पदों के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही थीं, जिन्हें अब इस भर्ती के जरिए गति मिलेगी।



