उत्तराखंड
बेटे को बचाने में गई पिता की जान: टोंस नदी में डूबे हरियाणा के युवक की मौत

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले में टोंस नदी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां अपने बेटे को बचाने के प्रयास में एक पिता की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के यमुनानगर निवासी 39 वर्षीय मनदीप कुमार अपने परिवार के साथ घूमने आए थे। गुप्त सहस्त्रधारा क्षेत्र में नहाते समय उनका बेटा नदी में डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए उन्होंने तुरंत नदी में छलांग लगा दी।
बताया जा रहा है कि पिता ने अपने बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद गहरे पानी में चले गए और डूब गए। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



