देश
गाजियाबाद में हीटवेव का असर: डीएम के आदेश पर स्कूलों का समय बदला

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में बढ़ती भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए गाजियाबाद जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट (DM) के निर्देश के बाद अब कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल सुबह की शिफ्ट में संचालित होंगे।
नए आदेश के अनुसार, स्कूलों में पढ़ाई अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी, जबकि शिक्षक और स्टाफ दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में मौजूद रहेंगे।
यह फैसला बच्चों को तेज धूप और लू से बचाने के लिए लिया गया है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा है।
प्रशासन ने सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे नए समय का सख्ती से पालन करें। साथ ही स्कूलों को बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और गर्मी से बचाव के उपाय करने को भी कहा गया है।



