केदारनाथ यात्रा में बड़ी सुविधा: शटल सेवा दोगुनी, ‘पिंक टैक्सी’ भी शामिल

केदारनाथ यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस बार परिवहन व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच चलने वाली शटल सेवा को लगभग दोगुना करने का फैसला लिया गया है।
परिवहन विभाग के अनुसार, इस रूट पर वाहनों की संख्या बढ़ाकर करीब 200 से अधिक शटल वाहन संचालित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और यात्रा अधिक सुगम होगी।
इस बार खास पहल के तहत ‘पिंक टैक्सी’ सेवा भी शुरू की गई है, जो विशेष रूप से महिला यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाई जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि हर साल सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग पर भारी भीड़ और ट्रैफिक दबाव देखने को मिलता है। ऐसे में शटल सेवा बढ़ाने और नई टैक्सी सेवा जोड़ने से भीड़ प्रबंधन में काफी मदद मिलेगी।
चारधाम यात्रा के दौरान यह रूट बेहद महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि यहीं से केदारनाथ के लिए पैदल यात्रा शुरू होती है। ऐसे में बेहतर परिवहन व्यवस्था से श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।



