उत्तराखंड: जनगणना के पहले चरण के नतीजे चिंताजनक, 11 नगर निगमों में शुरू ही नहीं हो सकी मकान गणना

उत्तराखंड में जनगणना 2027 के पहले चरण के शुरुआती नतीजे बेहद चिंताजनक सामने आए हैं। राज्य के कई शहरी क्षेत्रों में अब तक हाउस लिस्टिंग का काम सही तरीके से शुरू ही नहीं हो पाया है।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, हल्द्वानी समेत 11 नगर निगमों में 11 दिन बीतने के बावजूद मकान गणना की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।
प्रदेशभर में कुल 29,631 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्धारित किए गए हैं, लेकिन इनमें से अब तक केवल 14,355 ब्लॉकों में ही काम शुरू हो पाया है, जो प्रगति की धीमी रफ्तार को दर्शाता है।
जनगणना निदेशालय ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए सभी जिलों को पत्र जारी कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि 10 से 25 अप्रैल के बीच ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया भी चलाई गई थी, जिसमें करीब 60 हजार लोगों ने हिस्सा लिया, लेकिन इसके बावजूद जमीनी स्तर पर प्रगति अपेक्षा से काफी कम रही है।



