देहरादून में STF की बड़ी कार्रवाई: राजस्थान का 20 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, 12 साल से था फरार

उत्तराखंड एसटीएफ ने देहरादून में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के 20 हजार रुपये के इनामी और 12 साल से फरार चल रहे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान में लूट और अपहरण के मामले में वांछित था और लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि बाहरी राज्यों के फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में दर्ज गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित देवेश मोर्या देहरादून में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहा है। आरोपी पर राजस्थान पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
गोपनीय सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने कैंट थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी देवेश मोर्या पुत्र नंदलाल मोर्या को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले 12 वर्षों से फरार चल रहा था और लगातार अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। एसटीएफ का कहना है कि प्रदेश में छिपे बाहरी राज्यों के अपराधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।



