देहरादून: दून अस्पताल की इमरजेंसी में हंगामा, पंजीकरण काउंटर का शीशा तोड़ा

देहरादून के दून अस्पताल की इमरजेंसी में बुधवार रात जमकर हंगामा हुआ। पर्चा न बनाए जाने के आरोप को लेकर तीमारदारों ने पंजीकरण काउंटर पर तोड़फोड़ कर दी, जिससे काउंटर का शीशा टूट गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, एक महिला इलाज के लिए इमरजेंसी में पहुंची थी और पंजीकरण के लिए लाइन में खड़ी थी। आरोप है कि काफी देर इंतजार के बाद जब उसका नंबर आने वाला था, तब कर्मचारी ने उसे दूसरी लाइन में लगने के लिए कह दिया। इस बात को लेकर महिला और कर्मचारी के बीच विवाद हो गया।
महिला ने कर्मचारी पर अभद्रता का आरोप लगाया और अपने परिजनों को बुला लिया। इसके बाद कुछ लोगों ने इमरजेंसी में हंगामा शुरू कर दिया और पंजीकरण काउंटर पर लगे शीशे को तोड़ दिया। मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया।
अस्पताल प्रशासन ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि संबंधित कर्मचारी से जवाब मांगा गया है और इमरजेंसी प्रभारी को जांच सौंपी गई है। साथ ही तीमारदारों से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि दून अस्पताल की इमरजेंसी में पहले भी मारपीट और हंगामे की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।



