देश

हमीरपुर: बारात लेकर जा रहे दूल्हे पर दबंगों का हमला, 20 सेकेंड में बरसाईं लाठियां; कई घायल

Listen to this News

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बारात लेकर जा रहे दूल्हे और उसके परिवार पर दबंगों द्वारा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार हमलावरों ने बीच रास्ते में बारात की कार रोककर दूल्हे को बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, राठ क्षेत्र के झिन्ना वीरा गांव निवासी मुन्नीलाल की बारात बांदा जिले जा रही थी। इसी दौरान बसेला बस स्टैंड के पास पहले से घात लगाए बैठे करीब 15 लोगों ने बारात की गाड़ी को घेर लिया। हमलावरों ने दूल्हे, उसके भाई और कार में मौजूद अन्य लोगों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

हमले में दूल्हे मुन्नीलाल का सिर फट गया, जबकि उसके भाई समेत कई लोग घायल हो गए। हमलावरों ने कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दूल्हा सिर पर पट्टी बंधवाकर दूसरी गाड़ी से दुल्हन लेने रवाना हुआ।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button