वाराणसी: दलमंडी में 43 इमारतों पर चलेगा बुलडोजर, कार्रवाई से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

वाराणसी। शहर के संवेदनशील दलमंडी इलाके में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों के तहत 43 भवनों को ध्वस्त किए जाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। कार्रवाई के लिए बुलडोजर मौके पर पहुंच गए हैं, जबकि इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन द्वारा पहले ही भवन मालिकों को नोटिस जारी किए जा चुके थे। इसके बाद अब निर्धारित योजना के तहत अतिक्रमण हटाने और निर्माणों को गिराने की कार्रवाई शुरू की जा रही है।
दलमंडी क्षेत्र वाराणसी के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक माना जाता है, जहां संकरी गलियों और भारी भीड़ के कारण लंबे समय से जाम की समस्या बनी रहती है। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को राहत मिलेगी।
संभावित विरोध और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


