देहरादून: अब पहचान छिपाकर दर्ज करा सकेंगे ऑनलाइन उत्पीड़न की शिकायत, साइबर क्राइम पोर्टल पर खुला विकल्प

देहरादून। बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों के बीच अब पीड़ित अपनी पहचान गुप्त रखते हुए भी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। भारत सरकार के राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में “एनोनिमस शिकायत” की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, कई लोग पहचान उजागर होने के डर, सामाजिक शर्म या बदनामी की आशंका के कारण साइबर उत्पीड़न की शिकायत दर्ज नहीं करा पाते। इसे देखते हुए पोर्टल पर गुमनाम शिकायत दर्ज करने का विकल्प शुरू किया गया है।
शिकायत दर्ज करने के लिए पीड़ित को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर जाकर “Women/Children Related Crime” सेक्शन चुनना होगा। इसके बाद “Report Anonymously” विकल्प के जरिए घटना की जानकारी, तारीख, समय और संबंधित सोशल मीडिया या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का विवरण अपलोड किया जा सकता है। स्क्रीनशॉट, चैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूत भी पोर्टल पर जमा किए जा सकते हैं।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी ऑनलाइन ठगी, ब्लैकमेलिंग, फर्जी प्रोफाइल, अश्लील संदेश या सोशल मीडिया उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल का उपयोग करें।
इसके साथ ही साइबर पुलिस ने फर्जी लोन ऐप्स और संदिग्ध ऑनलाइन लिंक से सावधान रहने की एडवाइजरी भी जारी की है। पुलिस के अनुसार, कई साइबर ठग आसान लोन का झांसा देकर लोगों की निजी जानकारी हासिल कर उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं।



