रुड़की: सोलानी नदी पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी कार, पांच लोग घायल

हरिद्वार जिले के लक्सर-रुड़की हाईवे पर रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। सोलानी नदी पुल पर एक अनियंत्रित कार रेलिंग तोड़ते हुए कई फीट नीचे नदी क्षेत्र में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन महिलाएं और दो पुरुष घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कार सवार लोग लक्सर क्षेत्र से इकबालपुर के कुंजा गांव रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही कार सोलानी नदी पुल पर पहुंची, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए रुड़की के अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि जिस स्थान पर कार गिरी वहां रेत होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



