देश
हरियाणा: बीमा राशि के लालच में पत्नी बनी पति की कातिल, 22 दिन बाद घायल युवक की मौत

चरखी दादरी। हरियाणा के चरखी दादरी जिले में बीमा राशि के लालच में रची गई साजिश ने एक युवक की जान ले ली। पत्नी और उसके कथित प्रेमी द्वारा हमले में गंभीर रूप से घायल किए गए युवक प्रदीप ने 22 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद रोहतक पीजीआई में दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी पत्नी ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये के बीमा क्लेम के लालच में अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। घटना के बाद घायल प्रदीप का अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस पहले ही पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर चुकी है। अब युवक की मौत के बाद केस में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।



