देहरादून: वीकेंड पर उमड़ी भीड़, लच्छीवाला टोल प्लाजा पर लगा लंबा जाम, घंटों परेशान रहे यात्री

देहरादून। चारधाम यात्रा सीजन और वीकेंड की छुट्टियों के चलते देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसका असर रविवार को लच्छीवाला टोल प्लाजा पर देखने को मिला, जहां वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटों तक यात्री जाम में फंसे रहे।
जानकारी के अनुसार हरिद्वार और ऋषिकेश की ओर से आने वाले वाहनों का दबाव सुबह से ही बढ़ने लगा था। दोपहर तक स्थिति और बिगड़ गई, जिसके चलते डोईवाला-भानियावाला क्षेत्र से लेकर लच्छीवाला टोल प्लाजा तक वाहन रेंगते नजर आए।
जाम के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को घंटों तक टोल प्लाजा पार करने के लिए इंतजार करना पड़ा। बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कुछ वाहनों को थानो रोड की ओर डायवर्ट किया और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुटी रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चारधाम यात्रा, पर्यटन सीजन और गर्मी की छुट्टियों के कारण अगले कुछ दिनों तक इसी तरह यातायात का दबाव बना रह सकता है। प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर निकलने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।



