हरिद्वार रामशंकर हत्याकांड की जांच अब CBI के हवाले, हाईकोर्ट के आदेश पर देहरादून में दर्ज हुई FIR

देहरादून: हरिद्वार के चर्चित रामशंकर हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी। उत्तराखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई की देहरादून शाखा में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
यह मामला दिसंबर 2024 का है, जब हरिद्वार के खानपुर क्षेत्र स्थित चंद्रपुरी गांव निवासी रामशंकर अचानक लापता हो गए थे। अगले दिन उनके पिता की शिकायत पर खानपुर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी। बाद में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया और शव बरामद किया था।
मृतक की पत्नी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर स्थानीय पुलिस जांच पर गंभीर सवाल उठाए थे। याचिका में आरोप लगाया गया कि पुलिस ने बिना फॉरेंसिक जांच के चार्जशीट दाखिल कर दी और दो महत्वपूर्ण आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त जांच नहीं की गई। घटना में इस्तेमाल कार की रूट ट्रैकिंग और वैज्ञानिक जांच भी नहीं कराई गई थी।
हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस जांच को दोषपूर्ण मानते हुए जांच सीबीआई को सौंपने के आदेश दिए। इसके बाद अब सीबीआई ने देहरादून में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



