रुड़की के नशा मुक्ति केंद्र में मरीज की हत्या, गले पर मिले धारदार हथियार के निशान

उत्तराखंड के रुड़की में एक नशा मुक्ति केंद्र के अंदर मरीज की हत्या से सनसनी फैल गई। मामला सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र का है, जहां भर्ती 37 वर्षीय आशीष का शव केंद्र के शौचालय में संदिग्ध हालत में मिला। मृतक के गले पर धारदार हथियार के निशान पाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, आशीष लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी गांव का रहने वाला था और करीब तीन महीने पहले उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात केंद्र संचालक ने शौचालय में शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और हड़कंप मच गया।
परिजनों ने केंद्र में भर्ती एक अन्य मरीज पर हत्या का शक जताया है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, नशा मुक्ति केंद्र के संचालक और वहां भर्ती अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के हर एंगल से जांच कर रही है।



