देहरादून: सिडकुल कार्यालय से 2004 भर्ती प्रक्रिया की फाइल गायब, मामले में मचा हड़कंप

देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित आईटी पार्क के सिडकुल मुख्यालय से वर्ष 2004 की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी एक महत्वपूर्ण फाइल गायब होने का मामला सामने आया है। फाइल लापता होने की जानकारी मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, यह फाइल वर्ष 2004 की संविदा भर्ती प्रक्रिया से संबंधित बताई जा रही है, जिसे विभागीय रिकॉर्ड में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था। फाइल नहीं मिलने के बाद अधिकारियों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फाइल कहीं गुम हुई है या फिर जानबूझकर हटाई गई है।
सूत्रों के अनुसार, फाइल गायब होने से भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रभावित हो सकते हैं। घटना के बाद विभागीय रिकॉर्ड की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस और विभागीय अधिकारी मामले की हर एंगल से जांच कर रहे हैं और कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा सकती है।



