उत्तरकाशी में पीरुल प्लांट में लगी आग, दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

उत्तरकाशी जिले के डुंडा विकासखंड के ग्राम चकोन स्थित एक पीरुल प्लांट में रविवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद फायर सर्विस के दो वाहन मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्लांट में रखा सामान जलकर नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में प्रशासन का सहयोग किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या अत्यधिक गर्मी माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि पहाड़ी क्षेत्रों में पीरुल (चीड़ की सूखी पत्तियां) अत्यधिक ज्वलनशील होती हैं, जिससे आग तेजी से फैलने का खतरा बना रहता है। वन विभाग और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आगजनी की घटना की तुरंत सूचना देने की अपील की है।



