भीषण गर्मी में यूपी की प्यास बुझा रही गंग नहर, हरिद्वार से छोड़ा जा रहा 13 हजार क्यूसेक पानी

उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पानी की मांग तेजी से बढ़ गई है। बढ़ती जरूरत को देखते हुए हरिद्वार से गुजरने वाली गंग नहर को पूरी क्षमता के साथ चलाया जा रहा है। वर्तमान में नहर से करीब 13 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश के 17 जिलों, नोएडा और दिल्ली तक पेयजल एवं सिंचाई की आपूर्ति की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गर्मी बढ़ने के साथ पानी की खपत में भारी इजाफा हुआ है। ऐसे में सिंचाई विभाग और जल संस्थान लगातार नहर की निगरानी कर रहे हैं ताकि जलापूर्ति प्रभावित न हो। गंग नहर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए जीवनरेखा मानी जाती है और गर्मियों में इसकी अहमियत और बढ़ जाती है।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल नहर को पूरी क्षमता से संचालित किया जा रहा है ताकि लोगों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े। साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। भीषण गर्मी और बढ़ती मांग को देखते हुए जल प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।



