PoK में अल-बद्र के टॉप कमांडर हमजा बुरहान के मारे जाने की खबर, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-बद्र के शीर्ष कमांडर हमजा बुरहान उर्फ ‘डॉक्टर’ के मारे जाने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उसे मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी।
हमजा बुरहान का असली नाम अरजमंद गुलजार डार बताया जा रहा है और वह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का निवासी था। भारतीय एजेंसियों के अनुसार वह 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल था और बाद में अल-बद्र संगठन में शीर्ष कमांडर बन गया था।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हमजा बुरहान को कई गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि हमले के पीछे कौन लोग थे और इसकी वजह क्या थी, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भारत सरकार ने वर्ष 2022 में हमजा बुरहान को गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित किया था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वह कश्मीर में युवाओं की भर्ती और आतंकी गतिविधियों के संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।



