उत्तरकाशी में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, दो पर्यटकों की मौत, तीन गंभीर घायल

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग गंगनानी से उत्तरकाशी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने टॉर्च की रोशनी में खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक आशंका है कि वाहन की तेज रफ्तार और पहाड़ी मार्ग पर नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ।



