केदारनाथ में विकसित होगी ग्रीन बेल्ट, औषधीय पौधों से बढ़ेगी धाम की सुंदरता

विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम को पर्यावरणीय दृष्टि से और अधिक समृद्ध बनाने के लिए लिनचौली से मोदी गुफा तक ग्रीन बेल्ट विकसित करने की योजना तैयार की गई है। इस परियोजना के तहत मार्ग के किनारे विभिन्न प्रकार के औषधीय एवं सुगंधित पौधे लगाए जाएंगे, जिससे धाम की प्राकृतिक सुंदरता में इजाफा होने के साथ ही जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा।
परियोजना का उद्देश्य केदारनाथ क्षेत्र को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। इसके तहत हिमालयी क्षेत्र में पाए जाने वाले औषधीय पौधों का संरक्षण और संवर्धन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को भी प्रकृति और आयुर्वेद से जुड़ी अनूठी विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
अधिकारियों के अनुसार, ग्रीन बेल्ट के विकास से केदारनाथ यात्रा मार्ग की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, पारिस्थितिक संतुलन और स्थानीय जैव विविधता को मजबूती मिलेगी। इस पहल को केदारनाथ धाम के सतत विकास और प्रकृति संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



