मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना: डेयरी किसानों के लिए सुनहरा मौका, कम निवेश में मिलेगा बड़ा सरकारी सहयोग

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश सरकार की मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना डेयरी किसानों के लिए आत्मनिर्भर बनने का बड़ा अवसर लेकर आई है। योजना का उद्देश्य देसी नस्ल की गायों के पालन को बढ़ावा देना, दुग्ध उत्पादन बढ़ाना और पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है।
इस योजना के तहत 10 उच्च दुग्ध उत्पादन वाली देसी गायों की डेयरी इकाई स्थापित करने पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है। परियोजना की कुल लागत लगभग 23.60 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें 50 प्रतिशत अनुदान, 35 प्रतिशत बैंक ऋण और केवल 15 प्रतिशत राशि लाभार्थी को स्वयं वहन करनी होती है।
योजना के लिए आवेदक के पास गोपालन या भैंस पालन का कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना चाहिए। साथ ही, आधारभूत संरचना और चारा उत्पादन के लिए आवश्यक भूमि की भी व्यवस्था होनी चाहिए। योजना के तहत खरीदी जाने वाली गायों का ईयर टैग और बीमा कराना अनिवार्य है।
पशुपालन विभाग का मानना है कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



