नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण: निहंगों पर कार्रवाई न होने से लोगों में आक्रोश, रुद्रप्रयाग और चमोली में विरोध प्रदर्शन

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण में निहंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। बुधवार को रुद्रप्रयाग और चमोली के कई क्षेत्रों में लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई दिनों तक चले तनावपूर्ण घटनाक्रम के बावजूद संबंधित निहंगों को बिना किसी कठोर कार्रवाई के जाने दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ गया है। हाल ही में नगरासू गुरुद्वारे में निहंगों और प्रशासन के बीच कई दिनों तक गतिरोध की स्थिति बनी रही थी, जिसके बाद पंजाब से आए प्रतिनिधिमंडल की मध्यस्थता से मामला शांत हुआ।
स्थानीय संगठनों और ग्रामीणों ने कहा कि यदि किसी भी पक्ष द्वारा कानून का उल्लंघन किया गया है तो उसके खिलाफ समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.



