देहरादून में घुसे निहंग, देर रात तक चला हंगामा; पुलिस ने समझाकर पांवटा साहिब की ओर किया रवाना

देहरादून: उत्तराखंड में निहंग विवाद के बीच गुरुवार देर रात देहरादून में उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब निहंग सिखों का एक जत्था शहर में प्रवेश कर गया। पुलिस और प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोका और कई घंटों तक बातचीत के बाद पांवटा साहिब की ओर वापस रवाना कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह जत्था कर्णप्रयाग हिंसा मामले में गिरफ्तार चार निहंग सिखों की रिहाई की मांग को लेकर उत्तराखंड पहुंचा था। शहर में उनके प्रवेश की सूचना मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।
देर रात तक पुलिस अधिकारियों और निहंग प्रतिनिधियों के बीच वार्ता चलती रही। बातचीत के दौरान पुलिस ने उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इसके बाद जत्था बिना किसी बड़े टकराव के पुलिस सुरक्षा में पांवटा साहिब की ओर लौट गया।
गौरतलब है कि पूरा विवाद 16 जून को चमोली के कर्णप्रयाग में निहंग सिखों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद शुरू हुआ था। इस मामले में चार निहंग सिखों की गिरफ्तारी के बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। हाल के दिनों में रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में भी कई दिनों तक गतिरोध बना रहा था, जिसके बाद अब यह विरोध देहरादून तक पहुंच गया।
स्थिति को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने देहरादून सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा के मद्देनज़र किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।



