उत्तराखंड

हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए बनेगी नई एसओपी, निहंग विवाद के बाद सरकार सख्त

Listen to this News

देहरादून: कर्णप्रयाग और नगरासू गुरुद्वारा से जुड़े हालिया निहंग विवाद के बाद उत्तराखंड सरकार हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करने जा रही है। इसका उद्देश्य यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाना है।

सूत्रों के अनुसार, नई एसओपी में यात्रा मार्ग पर सुरक्षा प्रबंधन, श्रद्धालुओं की आवाजाही, संवेदनशील स्थानों की निगरानी, पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश शामिल किए जाएंगे। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर रहेगा।

दरअसल, 16 जून को चमोली के कर्णप्रयाग में निहंग सिखों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद चार निहंग सिखों की गिरफ्तारी हुई थी। इसके बाद नगरासू गुरुद्वारे में कई दिनों तक गतिरोध चला और बाद में उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर भी निहंग जत्थे और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। हालांकि बातचीत के बाद मामला शांत हो गया।

सरकार का कहना है कि चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नई एसओपी लागू की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और यात्रा बिना किसी बाधा के संचालित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button