ऑपरेशन कवच-14.0: दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 48 घंटे में 255 ड्रग तस्कर समेत सैकड़ों अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली: राजधानी में नशे के कारोबार और संगठित अपराध पर शिकंजा कसते हुए दिल्ली पुलिस ने ‘ऑपरेशन कवच-14.0’ के तहत 48 घंटे का विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 140 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई और 255 ड्रग तस्करों सहित सैकड़ों अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ, अवैध हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य राजधानी में सक्रिय ड्रग नेटवर्क को तोड़ना, नशे की सप्लाई चेन पर रोक लगाना और संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई करना है। ऑपरेशन में क्राइम ब्रांच के साथ सभी जिला पुलिस इकाइयों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के आधार पर आगे भी छापेमारी और गिरफ्तारियां की जाएंगी।
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन कवच आगे भी जारी रहेगा और राजधानी को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। लोगों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें नशे के कारोबार से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।



