चमोली: अलकनंदा नदी से बरामद हुआ 85 वर्षीय बुजुर्ग का शव, पुलिस ने शुरू की जांच

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में अलकनंदा नदी से एक 85 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीपलकोटी पुलिस ने बिरही के पास नदी में एक चट्टान के किनारे फंसे शव को स्थानीय लोगों की सूचना पर बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने अलकनंदा नदी में शव तैरता हुआ देखा और तुरंत पीपलकोटी पुलिस चौकी को सूचना दी। इसके बाद एसआई लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान रुद्र सिंह राणा (85) निवासी कोड़िया के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



