उत्तराखंड

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले सीएम धामी, उत्तराखंड की सड़क परियोजनाओं को मिली बड़ी रफ्तार

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य की प्रमुख सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में करीब ₹7,000 करोड़ की सड़क अवसंरचना से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को सहमति मिली, जिससे राज्य में सड़क नेटवर्क को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत लगभग ₹750 करोड़ की परियोजनाओं पर भी सहमति बनी। इसके अलावा करीब ₹2,966 करोड़ की लागत वाली पांच प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को मंजूरी दी गई, जिनमें श्रीनगर बाइपास, पुरकाजी-लक्सर-हरिद्वार फोरलेन, लोहाघाट और पिथौरागढ़ बाइपास, मझोला-खटीमा फोरलेन विस्तार तथा रामनगर-रानीखेत (मोहन) मार्ग के सुदृढ़ीकरण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार बाइपास और कोटद्वार बाइपास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आग्रह भी किया, ताकि वर्ष 2027 के कुंभ मेले से पहले यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों को स्पर मार्गों के माध्यम से जोड़ने वाली लगभग ₹3,000 करोड़ की परियोजनाओं को भी सैद्धांतिक सहमति मिली।

बैठक में अल्मोड़ा सिकुड़ा बैंड से एनएच-309 तक टनल निर्माण, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के वैज्ञानिक उपचार तथा सीमांत और आपदा संवेदनशील इलाकों में सड़क संपर्क मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से उत्तराखंड में सड़क संपर्क, पर्यटन, तीर्थाटन और आपदा प्रबंधन को नई मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button