चमोली: जोशीमठ में भारी बारिश का कहर, घर में घुसा मलबा; बुजुर्ग दंपती का सुरक्षित रेस्क्यू

चमोली: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब पहाड़ी क्षेत्रों में साफ दिखाई देने लगा है। चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र के पगनों गांव में भारी बारिश के बाद एक मकान में मलबा घुस गया, जिससे वहां रह रहा बुजुर्ग दंपती घर के भीतर फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बारिश के कारण क्षेत्र में भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं बढ़ गई हैं। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया और एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राहत टीमों ने प्रभावित मकान का जायजा लेकर स्थिति का आकलन किया, जबकि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के बाद कई जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने भी कई क्षेत्रों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते प्रशासन लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील कर रहा है।



