देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर चलते ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

देहरादून: देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर डोईवाला क्षेत्र में लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चल रहे ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रक आग की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य राहत दल मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकी जा सकी। हादसे के दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं ताकि आग लगने की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।



