रुद्रपुर में बारिश बनी आफत, बाजार जलमग्न; दुकानों में घुसा पानी, ड्रेनेज व्यवस्था की खुली पोल

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में हुई तेज बारिश ने नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कुछ ही घंटों की बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख बाजार और सड़कें जलमग्न हो गईं। हालात ऐसे बन गए कि दुकानों के अंदर तक पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। सड़कें तालाब में तब्दील होने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण बाजार क्षेत्रों में जलभराव होने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी परेशानी हुई। कई दोपहिया वाहन पानी में फंस गए, जबकि लोगों को घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा। व्यापारियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की ड्रेनेज व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और बाजारों में भर गया। जलभराव से दुकानों में रखा सामान भी प्रभावित हुआ, जिससे कारोबारियों को नुकसान की आशंका है।
इधर, मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।



