मसूरी में दिल्ली से आई युवती ने शराब के नशे में किया हंगामा, पुलिस से भी की अभद्रता

उत्तराखंड के पर्यटन स्थल मसूरी में दिल्ली से घूमने आई एक युवती ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। बताया गया कि युवती ने अपने साथ आए दोस्तों से विवाद करने के साथ ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार, घटना 5 जुलाई की देर रात की है। डायल-112 पर सूचना मिली थी कि दिल्ली से आए चार पर्यटकों के समूह में शामिल एक युवती ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया है और वह अपने साथियों के साथ गाली-गलौज व झगड़ा कर रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम लाइब्रेरी चौक क्षेत्र में पहुंची और सभी पर्यटकों को चौकी ले गई।
चौकी में भी युवती ने नशे की हालत में पुलिसकर्मियों, अपने साथियों और अन्य लोगों पर आरोप लगाते हुए अभद्र व्यवहार किया। देर रात महिला से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने संयम बरतते हुए युवती की काउंसलिंग की। कुछ समय बाद जब उसका नशा उतरा तो उसने और उसके साथियों ने अपने व्यवहार पर खेद व्यक्त किया। इसके बाद पुलिस ने सभी को समझाइश देकर रवाना कर दिया।
मसूरी पुलिस ने बताया कि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस ने पर्यटकों से सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जिम्मेदार व्यवहार करने की अपील की है।



