देहरादून में भारी बारिश के बीच पुलिस अलर्ट, नदी-नालों के किनारे रहने वालों को लाउडस्पीकर से किया सतर्क

देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर जिले के संवेदनशील इलाकों में पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सतर्क कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रात से ही विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमें नदी, नालों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर जलस्तर की निगरानी कर रही हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के पास न जाने और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाने की अपील की गई है। कई स्थानों पर पुलिस ने स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भी पहुंचाया।
बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, तेज बहाव और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा है। आपदा प्रबंधन, पुलिस और अन्य एजेंसियां किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लगातार समन्वय बनाए हुए हैं।



