फरीदाबाद: नीमका जेल हत्याकांड में गैंगस्टर अरुण चौधरी पर आरोप तय, आतंकी अब्दुल रहमान हत्याकांड का ट्रायल शुरू

फरीदाबाद। हरियाणा के चर्चित नीमका जेल हत्याकांड में अदालत ने गैंगस्टर अरुण चौधरी उर्फ अबू जाट के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। आरोपी पर जेल के भीतर बंद संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या का आरोप है। आरोप तय होने के साथ ही मामले में ट्रायल शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।
अदालत में सुनवाई के दौरान अरुण चौधरी को आरोप पढ़कर सुनाए गए, जिन्हें उसने स्वीकार करने से इनकार करते हुए खुद को निर्दोष बताया। इसके बाद कोर्ट ने अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे की सुनवाई आगे बढ़ाने का आदेश दिया।
गौरतलब है कि फरवरी 2026 में फरीदाबाद की नीमका जेल में बंद संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या कर दी गई थी। जांच के अनुसार, उसी बैरक में बंद अरुण चौधरी पर पत्थरनुमा वस्तु से हमला कर उसकी हत्या करने का आरोप लगा था। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए थे। घटना के बाद जेल प्रशासन के कई अधिकारियों पर कार्रवाई की गई थी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच भी कराई गई।



