देश

पंजाब सीएम के कमांडो की पत्नी से 12 लाख की साइबर ठगी: बिहारशरीफ से दो आरोपी गिरफ्तार

Listen to this News

बिहारशरीफ। पंजाब के मुख्यमंत्री के सुरक्षा कमांडो की पत्नी से ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर 12 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में पंजाब पुलिस की साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 में ठगों ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर पीड़िता को कथित “डिजिटल अरेस्ट” में होने का झांसा दिया और डराकर करीब 12 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। जांच के दौरान पता चला कि ठगी की रकम बिहारशरीफ के दो आरोपियों के बैंक खातों में पहुंची थी।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी दिल्ली स्थित एक बड़े साइबर गिरोह से जुड़े थे। वे अपने बैंक खाते गिरोह को उपलब्ध कराते थे और बदले में खातों में आने वाली रकम पर कमीशन लेते थे। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में कई ईमेल आईडी और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

पंजाब पुलिस ने बताया कि इस मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह नेटवर्क कई राज्यों में सक्रिय है और करोड़ों रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दे चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button