सिलक्यारा सुरंग में बड़ा हादसा: पत्थर गिरने से मजदूर की मौत, काम के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुरंग के भीतर काम कर रहे एक मजदूर की ऊपर से पत्थर गिरने के कारण मौत हो गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य मजदूरों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर सुरंग के अंदर नियमित निर्माण कार्य में जुटा था, तभी अचानक चट्टान का एक हिस्सा टूटकर उसके ऊपर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल मजदूर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग पहले भी वर्ष 2023 में सुरंग धंसने की बड़ी घटना के कारण सुर्खियों में रही थी, जब 41 मजदूर कई दिनों तक अंदर फंसे रहे थे और लंबा रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया था। ताजा हादसे के बाद एक बार फिर परियोजना में सुरक्षा मानकों पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना पत्थर गिरने की वजह से हुई, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई थी या नहीं। परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।



