चमोली में कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने मंच से की धामी सरकार की तारीफ, राजनीतिक गलियारों में तेज हुई चर्चा

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान उस समय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई, जब कांग्रेस के बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने सार्वजनिक मंच से धामी सरकार के विकास कार्यों की खुलकर सराहना की। उनके बयान ने सत्ता और विपक्ष के बीच चल रही सियासी बयानबाजी के बीच नई बहस को जन्म दे दिया।
कार्यक्रम में संबोधन के दौरान बुटोला ने कहा कि विपक्ष का विधायक होने के बावजूद उनकी विधानसभा में विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं पूरी हुई हैं और सरकार ने जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी है। उनके इस बयान को सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने संबोधन में कांग्रेस विधायक की टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने हमेशा विकास कार्यों में राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर क्षेत्र तक विकास पहुंचाना है, चाहे वहां किसी भी दल का जनप्रतिनिधि क्यों न हो।
लखपत बुटोला के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ऐसे समय में जब राज्य में चुनावी माहौल धीरे-धीरे बन रहा है और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष एक-दूसरे पर विकास कार्यों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं, कांग्रेस विधायक की यह टिप्पणी राजनीतिक रूप से काफी अहम मानी जा रही है।



