रांची में निगम की लापरवाही से लोगों की बढ़ी मुश्किलें: अधूरे नाला निर्माण ने सड़क को बनाया दलदल, रोज जोखिम उठाने को मजबूर हजारों लोग

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में नगर निगम की लापरवाही लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। दीपाटोली क्षेत्र में नाला निर्माण का काम महीनों से अधूरा पड़ा है, जिसके चलते बारिश के बाद सड़क पूरी तरह कीचड़ और दलदल में बदल गई है। करीब 10 हजार से अधिक स्थानीय लोग रोजाना जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, नाला निर्माण के लिए सड़क के बीचों-बीच करीब 6 फीट चौड़ा और गहरा गड्ढा खोदा गया था, लेकिन निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं किया गया। लगातार बारिश के कारण सड़क की हालत और खराब हो गई है। स्थानीय लोगों ने अस्थायी रूप से प्लाई और लकड़ी रखकर आवाजाही का रास्ता बनाया है, लेकिन यह भी बेहद खतरनाक साबित हो रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि परियोजना का टेंडर जनवरी में जारी हुआ था, लेकिन बरसात शुरू होने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
लोगों ने नगर निगम से जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कर सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते काम पूरा नहीं हुआ तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं, निगम की कार्यशैली को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।



