हरिद्वार में शर्मनाक हरकत: कपड़े बदल रही महिलाओं की कथित तौर पर वीडियो बना रहा था युवक, लोगों ने पकड़कर पीटा

हरिद्वार के हरकी पैड़ी क्षेत्र में महिलाओं की निजता से जुड़ा एक मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति वस्त्र परिवर्तन कक्ष के पास कपड़े बदल रही महिलाओं को कथित तौर पर झांक रहा था और उनका वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था। महिलाओं के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए हरकी पैड़ी जैसे संवेदनशील धार्मिक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा और धार्मिक स्थल की गरिमा पर सवाल खड़े करती हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वायरल वीडियो की मदद से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



