उत्तराखंड

हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: घास लेने जंगल गए वन गुर्जर की जंगली हाथी के हमले में मौत

Listen to this News

हरिद्वार के श्यामपुर वन क्षेत्र में गुरुवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक वन गुर्जर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के कांसवाली बीट क्षेत्र में रहने वाले वन गुर्जर एहसान सुबह आरक्षित वन क्षेत्र में घास लेने गए थे। इसी दौरान उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया और उन्हें कई बार पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हाथी की मौजूदगी से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध भी अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। वन विभाग ने घटनास्थल के फोटो, जीपीएस लोकेशन और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि मृतक अकेले जंगल में गया था, जहां उसका सामना हाथी से हुआ।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें और बिना आवश्यक कार्य के आरक्षित वन क्षेत्र में प्रवेश न करें। वहीं, घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button