उत्तराखंड

खड़गे के उत्तराखंड दौरे से पहले कांग्रेस की तैयारी तेज, छह विधानसभा क्षेत्रों में निकलेगी परिवर्तन संकल्प यात्रा

Listen to this News

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे से पहले कांग्रेस देहरादून जिले की छह विधानसभा सीटों पर ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ निकालेगी। इस यात्रा का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाना है।

प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, परिवर्तन संकल्प यात्रा का दूसरा चरण 2 से 4 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विकासनगर, सहसपुर, कैंट, धर्मपुर, मसूरी और राजपुर विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं और जनसंपर्क कार्यक्रम होंगे। यात्रा का नेतृत्व प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता करेंगे।

कार्यक्रम के तहत 2 अगस्त को विकासनगर और सहसपुर, 3 अगस्त को कैंट और धर्मपुर, जबकि 4 अगस्त को राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। इन कार्यक्रमों में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, करन माहरा, डॉ. हरक सिंह रावत और अन्य वरिष्ठ नेता भी विभिन्न चरणों में शामिल होंगे।

कांग्रेस ने बताया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विशाल कार्यकर्ता रैली प्रस्तावित है। पार्टी इसे आगामी विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी अभियान के बड़े आगाज़ के रूप में देख रही है। इसके लिए प्रदेशभर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

हालांकि, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन के कारण 5 अगस्त को रायपुर और डोईवाला विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। कांग्रेस का कहना है कि संशोधित कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी। पार्टी का दावा है कि परिवर्तन संकल्प यात्रा को जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है और इसके जरिए प्रदेश में बदलाव का संदेश दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button