पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश को दी बड़ी सौगात, भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया उद्घाटन

विशाखापत्तनम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में स्थित ऑलूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (भोगापुरम एयरपोर्ट) का उद्घाटन किया। लगभग ₹5,640 करोड़ की लागत से विकसित यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट उत्तर आंध्र क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा और पर्यटन, उद्योग तथा निवेश को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।
उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री ने हवाई अड्डे के आधुनिक यात्री टर्मिनल का अवलोकन किया और आंध्र प्रदेश में ₹17,900 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में बुनियादी ढांचे, परिवहन और औद्योगिक विकास को गति देना है।
भोगापुरम एयरपोर्ट को आधुनिक अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। पहले चरण में इसकी क्षमता प्रतिवर्ष लगभग 60 लाख यात्रियों को संभालने की है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों तक किया जा सकेगा। एयरपोर्ट का डिज़ाइन आंध्र प्रदेश की स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक वास्तुकला से प्रेरित है।
सरकार का मानना है कि नए एयरपोर्ट के शुरू होने से उत्तर आंध्र में व्यापार, पर्यटन, रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही यह क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हवाई नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ेगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी।



