उत्तराखंड

‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन का आयोजन, दौड़ के जरिए दिया फिटनेस और स्वस्थ समाज का संदेश

Listen to this News

देहरादून: थैलेसीमिया जैसी गंभीर आनुवंशिक बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देहरादून में रविवार को ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन का आयोजन किया गया। वीरा फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

मैराथन को प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने पवेलियन ग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ पवेलियन मैदान से शुरू होकर कनक चौक, दिलाराम चौक और ब्रह्मकमल चौक होते हुए पुनः पवेलियन ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक रहा।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए खेल और नियमित व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फिटनेस केवल व्यक्तिगत आवश्यकता नहीं, बल्कि एक स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है। साथ ही थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जनजागरूकता फैलाने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रतियोगिता के बालक वर्ग में रोहित ने प्रथम, अर्जुन ने द्वितीय और हिमांशु बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में दीपांजलि यादव प्रथम, सोनाक्षी द्वितीय और आराधना तृतीय स्थान पर रहीं। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड की कई छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष दस में स्थान बनाया। विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्या, जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजीव रंजन कुमार, वीरा फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. रितु डोभाल, रोटरी क्लब देहरादून सेंट्रल की अध्यक्ष अंजना साहनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button