मेरठ में नियमों से ऊंचा DJ लेकर जा रही डाक कांवड़ पर पुलिस की कार्रवाई, मोदीपुरम फ्लाईओवर पर हटवाए गए स्पीकर बॉक्स

मेरठ: सावन कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ पुलिस ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाली एक डाक कांवड़ पर बड़ी कार्रवाई की। हरिद्वार से अलीगढ़ जा रही 25 कांवड़ियों की टोली के ट्रक पर लगाए गए डीजे की ऊंचाई निर्धारित 12 फीट की सीमा से अधिक पाई गई। इसके बाद पुलिस ने मोदीपुरम फ्लाईओवर पर वाहन को रोककर अतिरिक्त स्पीकर बॉक्स हटवा दिए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कांवड़ यात्रा के लिए पहले ही स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए थे कि डीजे सेटअप की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
बताया गया कि पुलिस ने डीजे संचालकों और कांवड़ियों को समझाइश देते हुए अतिरिक्त बॉक्स हटवाए, जिसके बाद यात्रा को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। प्रशासन का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और फ्लाईओवर, बिजली की लाइनों तथा अन्य सार्वजनिक ढांचों को किसी भी संभावित खतरे से बचाना है।
मेरठ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरी कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर डीजे की ऊंचाई, ध्वनि स्तर और यातायात नियमों की लगातार जांच की जाएगी। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और आयोजकों से प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।



