2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प के साथ कांवड़ यात्रा करेंगी खेल मंत्री रेखा आर्या, हरिद्वार से ऋषिकेश तक पैदल चलेंगी 22 किमी

देहरादून: उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या 10 अगस्त को हरिद्वार से ऋषिकेश तक विशेष कांवड़ यात्रा निकालेंगी। यह 22 किलोमीटर की पैदल यात्रा वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी भारत को मिलने के संकल्प के साथ आयोजित की जा रही है। इस दौरान हरिद्वार के हर की पौड़ी से जल लेकर ऋषिकेश स्थित वीरभद्र मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
रेखा आर्या ने देहरादून में आयोजित एक प्रेस वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने और 2036 ओलंपिक की मेजबानी दिलाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक होगी।
खेल मंत्री के अनुसार, यात्रा में संत समाज, खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल होंगे। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज भी यात्रा के विभिन्न चरणों में सहभागिता करेंगे।
रेखा आर्या ने प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों और आम जनता से इस विशेष कांवड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि देवभूमि उत्तराखंड से उठने वाला यह सामूहिक संकल्प देशभर के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा तथा भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लक्ष्य के और करीब ले जाएगा।



