उत्तराखंड

उत्तराखंड के लकी रावत का कमाल, नॉर्थ पोल अभियान के लिए भारत के इकलौते छात्र चुने गए

Listen to this News

देहरादून। उत्तराखंड के लिए गर्व की खबर है। राज्य के प्रतिभाशाली छात्र लकी रावत का चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ‘आइसब्रेकर ऑफ नॉलेज 2026’ अभियान के लिए हुआ है। वह इस अभियान में भारत से चुने गए एकमात्र छात्र हैं और अगस्त 2026 में उत्तरी ध्रुव (नॉर्थ पोल) की विशेष शैक्षणिक यात्रा पर रवाना होंगे।

‘आइसब्रेकर ऑफ नॉलेज’ एक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता है, जिसमें 22 देशों के 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग के छात्र हिस्सा लेते हैं। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में विज्ञान आधारित क्विज, वेबिनार और नवाचार से जुड़े प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने होते हैं। प्रत्येक देश से केवल एक विजेता छात्र का चयन किया जाता है, जिसे नॉर्थ पोल अभियान में शामिल होने का अवसर मिलता है।

लकी रावत इस अभियान के दौरान रूस के परमाणु ऊर्जा संचालित आइसब्रेकर जहाज से उत्तरी ध्रुव की यात्रा करेंगे। अभियान में दुनिया भर के चयनित छात्र वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के साथ संवाद करेंगे तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, परमाणु ऊर्जा और आर्कटिक क्षेत्र से जुड़े विषयों पर विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

लकी रावत की इस उपलब्धि से उत्तराखंड ही नहीं, पूरे देश का गौरव बढ़ा है। उनकी सफलता युवा छात्रों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है और यह साबित करती है कि मेहनत और प्रतिभा के दम पर वैश्विक मंच पर भी भारत के छात्र अपनी पहचान बना रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button