देश

झारखंड छात्र आंदोलन: देवेंद्र नाथ महतो ने तोड़ा अनशन, सोनम वांगचुक की अपील के बाद लिया फैसला

Listen to this News

रांची। झारखंड में जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अपना चार दिन पुराना आमरण अनशन समाप्त कर दिया। यह फैसला सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की वीडियो कॉल पर की गई अपील के बाद लिया गया।

देवेंद्र नाथ महतो पिछले चार दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आमरण अनशन पर बैठे थे। आंदोलनकारी छात्रों की मांग है कि जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

बुधवार को सोनम वांगचुक ने वीडियो कॉल के माध्यम से महतो से बातचीत की। उन्होंने महतो के स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए अनशन समाप्त करने की अपील की और छात्रों के आंदोलन को अपना समर्थन जारी रखने का भरोसा दिया। इसके बाद महतो ने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।

हालांकि, महतो ने स्पष्ट किया कि अनशन समाप्त होने के बावजूद छात्रों का आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि जब तक भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती और सरकार उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। वहीं, राज्य सरकार ने भी छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लेने और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button